फरीदाबाद में साइबर ठगों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीकों से दो लोगों को अपना शिकार बनाते हुए कुल 1.55 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। ठगों ने एक व्यक्ति को टेलीग्राम टास्क और दूसरे को ऑनलाइन सोलर पंप बेचने के बहाने जाल में फंसाया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित विवेक नागर को टेलीग्राम के माध्यम से टास्क पूरा करने पर मुनाफे का लालच दिया गया। शुरुआत में छोटी रकम वापस देकर भरोसा जीता गया और बाद में अलग-अलग टास्क के नाम पर उससे करीब 90 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। रकम वापस मांगने पर ठगों ने संपर्क तोड़ दिया।
वहीं दूसरे मामले में जितेंद्र नागर को ऑनलाइन सस्ते दाम पर सोलर पंप बेचने का झांसा दिया गया। एडवांस और बुकिंग के नाम पर उससे 65 हजार रुपये ले लिए गए, लेकिन न तो पंप मिला और न ही पैसे वापस हुए।
दोनों पीड़ितों ने मामले की शिकायत साइबर थाना फरीदाबाद में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और बैंक खातों व डिजिटल ट्रांजैक्शन के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन ऑफर, टेलीग्राम टास्क, निवेश और सस्ते सामान के लालच से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या ट्रांजैक्शन से पहले पूरी जांच जरूर करें।
