उत्तराखंड में क्रिकेट लीग ठगी: फ्रेंचाइजी के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, पूर्व विधायक ने दर्ज कराया केस!

उत्तराखंड के हल्द्वानी में प्रस्तावित ईवीसीएल क्रिकेट लीग (EVCL Cricket League) इन दिनों विवादों में घिर गई है। क्रिकेट लीग के आयोजन के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में आयोजक विकास ढाका पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ठगी के शिकार हुए लोगों में पूर्व विधायक नारायण पाल और एक अन्य टीम मालिक हेमंत शर्मा शामिल हैं।

शिकायत के अनुसार, आयोजक ने फ्रेंचाइजी दिलाने और लीग में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के शामिल होने का झांसा देकर निवेश के लिए प्रेरित किया। पूर्व विधायक नारायण पाल और हेमंत शर्मा से अलग-अलग किस्तों में कुल 32 लाख रुपये लिए गए। आरोप है कि पैसे लेने के बाद न तो टूर्नामेंट शुरू हुआ और न ही किसी तरह की ठोस जानकारी दी गई।

पीड़ितों का कहना है कि लीग की भव्यता, बड़े खिलाड़ियों के नाम और प्रोफेशनल आयोजन का भरोसा दिलाकर उनसे रकम वसूली गई। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी क्रिकेट लीग का आयोजन नहीं हुआ, तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर आयोजक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच में पैसों के लेनदेन, दस्तावेजों और आयोजक की भूमिका की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के स्पोर्ट्स लीग, निवेश या फ्रेंचाइजी ऑफर में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधानिकता, आयोजकों की पृष्ठभूमि और दस्तावेजों की पूरी जांच जरूर करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!