अल्मोड़ा जिले में गर्मियों के मौसम के दौरान जंगलों में लगने वाली आग की घटनाओं को रोकने और समय रहते नियंत्रण पाने के लिए प्रशासन और वन विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलेभर में 147 क्रू स्टेशनों के माध्यम से कुल 550 फायर वाचरों की तैनाती की गई है, जो संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे और आग की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएंगे।
वन विभाग के साथ-साथ राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग और फायर ब्रिगेड को भी इस अभियान में शामिल किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समन्वित कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा 184 प्रशिक्षित आपदा मित्रों को भी तैयार रखा गया है, जो आग बुझाने, ग्रामीणों को जागरूक करने और राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
आग पर काबू पाने के लिए जल स्रोतों के बेहतर उपयोग की रणनीति भी तैयार की गई है। इसके तहत प्राकृतिक जल स्रोतों, टैंकों और पाइपलाइनों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें जल संस्थान विभाग सहयोग करेगा। प्रशासन का कहना है कि समय रहते निगरानी, त्वरित सूचना प्रणाली और विभागों के आपसी तालमेल से इस वर्ष वनाग्नि की घटनाओं को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।
