बेटी के जन्मदिन पर भाजपा नेता की मिसाल, 251 हेलमेट बांटकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश!

 

मुजफ्फरनगर जिले के मोरना कस्बे में भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी ने अपनी बेटी वेदिका के 11वें जन्मदिन को यादगार और समाज के लिए प्रेरणादायक बना दिया। आमतौर पर जन्मदिन को केक, पार्टी और समारोह के रूप में मनाया जाता है, लेकिन अमित राठी ने इस खास मौके पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने की अनोखी पहल की। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान 251 दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए।

इस पहल का उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग करना और दुर्घटनाओं को कम करने का संदेश देना था। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस कदम की सराहना की और इसे समाज के लिए एक सकारात्मक उदाहरण बताया। इस अवसर पर सीओ भोपा देवव्रत वाजपेई भी मौजूद रहे, जिन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का बड़ा कारण हेलमेट न पहनना और लापरवाही से वाहन चलाना है।

अमित राठी ने कहा कि वे अपनी बेटी के जन्मदिन को समाजहित से जोड़कर मनाना चाहते थे, ताकि एक अच्छा संदेश जाए और लोग अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। उन्होंने यह भी बताया कि यदि इस पहल से एक भी जान बचती है, तो यह उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

इस कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि खुशी के अवसरों को सामाजिक सरोकार से जोड़कर न केवल जागरूकता फैलाई जा सकती है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव भी लाया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!