केंद्र सरकार ने जल्दी पैसे कमाने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले Wingo एंड्रॉयड ऐप के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। गृह मंत्रालय की जांच में सामने आया कि यह ऐप उपयोगकर्ताओं को आसान कमाई का झांसा देकर उनके मोबाइल फोन और निजी डेटा का गलत इस्तेमाल कर रहा था। जांच के बाद सरकार ने Wingo से जुड़े टेलीग्राम चैनलों और यूट्यूब वीडियो को ब्लॉक कर दिया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस साइबर ठगी से बचाया जा सके।
जांच में यह भी पता चला कि ऐप इंस्टॉल करने के बाद यह यूजर्स की पर्सनल जानकारी, कॉन्टैक्ट्स और अन्य संवेदनशील डेटा तक पहुंच बना लेता था, जिसका इस्तेमाल गलत उद्देश्यों के लिए किया जा रहा था। कई यूजर्स ने शिकायत की थी कि ऐप के जरिए न तो वादे के मुताबिक पैसे मिले और न ही उनकी शिकायतों का कोई समाधान किया गया।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे जल्दी पैसे कमाने का दावा करने वाले किसी भी ऐप से सावधान रहें और अनजान स्रोतों से एप डाउनलोड न करें। यदि किसी ने पहले से Wingo ऐप डाउनलोड कर रखा है, तो तुरंत उसे अपने फोन से हटाने और अपने डेटा की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है। यह कार्रवाई साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
