रेलवे सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से अब रेल ट्रैक और स्टेशन परिसरों की निगरानी ड्रोन के जरिए की जाएगी। इसी क्रम में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रायबरेली में एक विशेष ड्रोन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त देवांश शुक्ल के निर्देश पर लखनऊ मंडल के लिए आयोजित किया गया, जिसमें 11 RPF कर्मियों को ड्रोन संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को ड्रोन उड़ाने, तकनीकी जानकारी, कैमरा ऑपरेशन और सुरक्षित टेकऑफ व लैंडिंग की विधियों से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन का इस्तेमाल रेल ट्रैक, स्टेशन परिसर, यार्ड और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए किया जाएगा। इससे वंदे भारत जैसी ट्रेनों पर पत्थरबाजी, ट्रैक पर अतिक्रमण और संदिग्ध गतिविधियों को समय रहते रोका जा सकेगा।
रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि भविष्य में ड्रोन तकनीक को नियमित रूप से निगरानी व्यवस्था में शामिल किया जाएगा और RPF को पर्याप्त संख्या में ड्रोन उपलब्ध कराए जाएंगे। आधुनिक तकनीक के उपयोग से न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करना भी आसान होगा। इस पहल को रेलवे में सुरक्षा के क्षेत्र में एक अहम कदम माना जा रहा है।
