दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए शकूरपुर से अगवा किए गए पांच वर्षीय बच्चे असद को सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में एक महिला काजल और एक पुरुष रंजीत को गिरफ्तार किया गया है, जो बच्चे को अपना मां-बाप बताकर कोलकाता में एक लाख रुपये में बेचने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी ट्रेन के जरिए बच्चे को लेकर फरार हो गए हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने टुंडला रेलवे स्टेशन पर छापा मारकर महिला आरोपी और बच्चे को सुरक्षित बचा लिया, जबकि पुरुष आरोपी रंजीत को बाद में बिहार के खगड़िया से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कोलकाता में संभावित खरीदारों से संपर्क किया था, लेकिन बच्चे को लेकर शक होने के कारण सौदा रद्द हो गया। इसके बावजूद आरोपी लगातार स्थान बदलते रहे, ताकि पुलिस से बच सकें। दिल्ली पुलिस की कई टीमों ने 2000 किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर इस अंतरराज्यीय ऑपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला बाल तस्करी के संगठित नेटवर्क की ओर इशारा करता है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई को दिल्ली पुलिस की सतर्कता और तेज़ कार्रवाई का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।
