आगरा नगर निगम शहर की पहली छवि को आकर्षक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहा है। शहर के चारों प्रमुख प्रवेश द्वारों पर ‘ईको ग्रीन प्वाइंट’ विकसित किए जा रहे हैं, ताकि आगरा में प्रवेश करते ही पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को हरियाली और स्वच्छता का सुखद अनुभव हो। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ताज नगरी की सकारात्मक और पर्यावरण-मित्र छवि प्रस्तुत करना है।
नगर निगम द्वारा इन प्रवेश द्वारों पर विशेष हरित पट्टियां तैयार की जा रही हैं, जिनमें पाम, बुद्धा बैंबो सहित कई ऐसे पौधे लगाए जा रहे हैं जो वायु प्रदूषण को अवशोषित करने में सहायक होते हैं। ये पौधे न केवल वातावरण को स्वच्छ बनाने में मदद करेंगे, बल्कि क्षेत्र की सौंदर्य वृद्धि भी करेंगे। इसके साथ ही लैंडस्केपिंग, सजावटी पौधों और सुव्यवस्थित हरित क्षेत्र का विकास किया जा रहा है ताकि शहर की पहली झलक प्रभावशाली हो।
यह पहल पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण नियंत्रण और शहरी सौंदर्यीकरण के संयुक्त प्रयास का हिस्सा है। नगर निगम का मानना है कि स्वच्छ और हरित प्रवेश द्वार न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगे, बल्कि स्थानीय नागरिकों में भी पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करेंगे। आने वाले समय में इन ईको ग्रीन प्वाइंट्स के जरिए आगरा एक और कदम ‘ग्रीन सिटी’ बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
