सोनीपत (सत्य भारत टाइम्स):
हरियाणा के सोनीपत जिले में रंगदारी मांगने और खुलेआम दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। नंदू गैंग के नाम पर ₹2 करोड़ की फिरौती मांगने और दफ्तर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने वाले दो शूटरों को स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

₹2 करोड़ की रंगदारी और दफ्तर पर फायरिंग
जानकारी के अनुसार, खरखौदा के वार्ड नंबर-1 निवासी प्रॉपर्टी डीलर दीपक को देर रात फोन कर नंदू गैंग के नाम पर ₹2 करोड़ की फिरौती मांगी गई थी। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी के करीब आधे घंटे बाद बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाशों ने खांडा रोड स्थित दीपक के दफ्तर पर गोलियां बरसा दीं और फरार हो गए।
NH-334B पर मुठभेड़, दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली
फायरिंग की सूचना मिलते ही स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट हरकत में आई और बदमाशों का पीछा शुरू किया। नेशनल हाईवे-334बी पर हरसाना गांव के पास पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े।https://youtube.com/@satyabharattimes?si=ANfnSqmKTt55PAsi
3 पिस्टल और बाइक बरामद
घायल बदमाशों की पहचान भटाना निवासी अंकित और लहराड़ा निवासी हर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से पुलिस ने 3 देसी पिस्टल, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब इस मामले में गैंग के अन्य संपर्कों की पड़ताल कर रही है।https://youtube.com/@satyabharattimes?si=ANfnSqmKTt55PAsi










