कब्रिस्तान से चोरी कर घर में जमा करता था खोपड़ियां, अमेरिकी पुलिस ने किया खुलासा!

अमेरिका से एक बेहद चौंकाने और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। फिलाडेल्फिया के पास स्थित एक इलाके में पुलिस ने एक व्यक्ति को कब्रिस्तान से इंसानी अवशेष चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जोनाथन क्रिस्ट गेरलैक के रूप में हुई है। पुलिस कार्रवाई के दौरान जब उसकी कार की तलाशी ली गई तो उसमें इंसानी हड्डियां और खोपड़ियां बरामद हुईं, जिसके बाद मामले ने और भी भयावह मोड़ ले लिया।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस आरोपी के घर पहुंची, जहां उसके बेसमेंट से 100 से अधिक इंसानी खोपड़ियां, ममीकृत हाथ-पैर, हड्डियां और अन्य कंकाल मिले। यह देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से कब्रिस्तानों को निशाना बना रहा था और वहां से मानव अवशेष चुराकर अपने घर में जमा कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, जोनाथन क्रिस्ट गेरलैक पर कब्र से चोरी, मृत शरीर के साथ दुर्व्यवहार, अवैध रूप से मानव अवशेष रखने सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये अवशेष किन-किन कब्रिस्तानों से चुराए गए और क्या इस मामले में कोई और व्यक्ति भी शामिल है।

इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन ने संबंधित कब्रिस्तानों की सुरक्षा बढ़ा दी है और पीड़ित परिवारों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!